

अल्मोड़ा। पीएम श्री राजकीय कन्या इंटर कॉलेज बाड़ेछीना में छात्राओं के ज्ञानवर्धन, व्यक्तित्व विकास और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रीन हिल ट्रस्ट की अध्यक्ष, अल्मोड़ा लिटरेचर फेस्टिवल की चेयरपर्सन और अल्मोड़ा अर्बन कोऑपरेटिव बैंक की अध्यक्ष डॉ. वसुधा पंत ने छात्राओं को संबोधित किया। डॉ. पंत ने छात्राओं को आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में विवेक, संवेदनशीलता, निर्णय लेने की क्षमता और जिम्मेदार नागरिक बनने के गुण विकसित करना भी है। उन्होंने छात्राओं से अपनी प्रतिभा पहचानने और उपलब्ध अवसरों का सदुपयोग करने का आह्वान किया। व्याख्यान में पर्यावरण और नदी संरक्षण पर जोर देते हुए डॉ. पंत ने जल प्रदूषण, प्लास्टिक कचरे और प्राकृतिक संसाधनों के अनियंत्रित दोहन से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है। जल की बचत, प्लास्टिक के उपयोग में कमी और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा जैसे छोटे प्रयास भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। प्रधानाचार्या रीति सिन्हा ने डॉ. पंत का आभार जताते हुए कहा कि विशेषज्ञों का मार्गदर्शन छात्राओं में आत्मविश्वास, सामाजिक चेतना और भविष्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में सहायक होता है। उन्होंने बताया कि इस तरह के कार्यक्रम राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की भावना के अनुरूप छात्राओं को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक जीवन के अनुभवों से जोड़ते हैं। कार्यक्रम में शिक्षिकाएं प्रीति पंत, तनुप्रिया खुलबे, शैलजा नयाल, ममता भट्ट, नमिता तिवारी, रेखा मेहता, जानकी राणा, आशा भट्ट, किरण पाटनी, निवेदिता मिश्रा, अनीता रावल, भगवती गोस्वामी, भावना बिष्ट और कविता कार्की मौजूद रहीं।





