
विकासनगर। स्टेट हाईवे कालसी चकराता और विकासनगर-यमुनोत्री नेशनल हाईवे सहित जौनसार बावर के 22 मोटर मार्ग मलबा आने से बंद हैं। इन सभी मार्गों पर गुरुवार दोपहर तक यातायात व्यवस्था पूरी तरह से ठप रही। मार्गों के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। यात्री और किसान सड़कों के किनारे बैठकर यातायात सेवाएं बहाल होने का इंतजार कर रहे हैं। वहीं, किसान समय पर मंडी में अपने उत्पादों को नहीं पहुंचा पाए। कालसी चकराता राज्य मार्ग जजरेट के पास मलबा आने से सुबह चार बजे से लेकर करीब नौ बजे तक बंद रहा। जबकि विकासनगर यमुनोत्री हाईवे भी दोपहर तक लखवाड़ के पास मलबा आने से बंद रहा। इसके अलावा जौनसार बावर क्षेत्र को यातायात से जोड़ने वाली दूसरी लाइफ लाइन हरिपुर-कोटी इच्छाडी मार्ग भी मलबा आने से दोपहर तक बंद रहा। 19 अन्य मोटर मार्गों में शामिल निछिया पिहानी, मीनस अटाल, कोटी डिमऊ डांडा, शंभू की चौकी पंजिया, काहा नेहरा पुनाह, शहीद सुरेश तोमर गास्की, डियोडिलानी थलीन, सकरौल, गौराघाटी नागथात, चकराता लाखामंडल, त्यूणी पुरोला नौगांव,क्यारापुल डामटा कोटा म्यूंडा, माख्टी पोखरी, कोटी कनासर रजाणू, लेल्टा मंडोली, गडोल सकरौल, फुलेत क्यारा, किमाडी रिखोली, पुरकुल भितरली किमाड़ी आदि पर मलबा आने से यातायात प्रभावित रहा। दोपहर दो बजे बाद अधिकांश मार्ग खुलने से यातायात बहाल हुआ।

