
हैदराबाद (आरएनएस)। आंध्र प्रदेश में विधायक और एक मतदाता के बीच हाथापाई का एक वीडियो वायरल हुआ था। अब खबर है कि वोटर को अपने परिवार की चिंता सता रही है। उन्होंने पुलिस सुरक्षा की मांग की है। इस घटना को लेकर तेलुगू देशम पार्टी ने निर्वाचन आयोग में शिकायत दर्ज कराई है। वायरल वीडियो में नजर आ रहे विधायक सत्तारूढ़ वाईएसआर कांग्रेस से हैं।
क्या था मामला
विधायक शिवकुमार और गोट्टुमुक्काला सुधाकर के बीच मतदान की लाइन में हाथापाई हो गई थी। सुधाकर को विधायक और उनके समर्थकों ने बुरी तरह पीटा। कहा जा रहा है कि इस हमले में उनकी आंख में सूजन आ गई है और खून बहा है। कहा जा रहा है कि विधायक और उनके परिवार के लाइन तोड़कर पहले जाकर वोट देने पर आपत्ति जताने के चलते मारपीट हुई थी।
एनडीटीवी से बातचीत में सुधाकर ने कहा कि वह और अन्य मतदाता लाइन में लगे थे, जब विधायक और उनका परिवार बूथ के अंदर चला गया। उन्होंने कहा, ‘सभी को लाइन में खड़ा होना चाहिए और वोटिंग करनी चाहिए। किसी को भी विशेषाधिकार नहीं है। ऐसे में मैंने उनके समर्थकों को लाइन में आने के लिए कहा।’
परिवार के लिए मांगी सुरक्षा
उन्होंने आगे कहा, ‘जब वह वोट देकर बाहर आए होंगे, तो जरूर उन्होंने उन्हें ये बात कही। वह मेरे पास आए और पूछने लगे कि तुम सवाल पूछने वाले कौन होते हो। तुम्हारी हिम्मत कैसे हुई? इसके बाद उन्होंने थप्पड़ मार दिया।’ उन्होंने कहा, ‘मुझे नहीं पता कि मेरे परिवार पर कोई खतरा है या नहीं। मैं अपनी मां, मेरी और मेरे परिवार की सुरक्षा चाहता हूं।’
चैनल से बातचीत में सुधाकर ने कहा कि उन्होंने मौके पर ही पलट कर मार दिया था। उन्होंने कहा, ‘जब तक मुझे बाद में बताया नहीं गया, तब तक मुझे एहसास ही नहीं था कि मैंने ऐसा किया है। जब पुलिस आई, तो मैंने कहा कि वोट देने से पहले कहीं नहीं जाने वाला हूं। पुलिस मुझे एग्जिट गेट से ले गई, मैंने वोट दिया और मुझे पुलिस स्टेशन ले आए। उन्होंने (विधायक और समर्थकों) ने इतना मारा कि खून बह रहा है। वह भी सिर्फ इसलिए कि मैंने नियम का पालन करने के लिए कहा था।’
इधर, स्थानीय पुलिस ने सुधाकर की शिकायत के आधार पर विधायक और कम से कम सात समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।


