

देहरादून। मंगलवार रात करीब 10:23 बजे चमोली में 4.9 तीव्रता का भूकंप आया, जिसके झटके अल्मोड़ा समेत उत्तराखंड के कई हिस्सों में महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार भूकंप का केंद्र चमोली में 13 किलोमीटर की गहराई पर था।
अल्मोड़ा, हल्द्वानी, नैनीताल, बागेश्वर, चंपावत, देहरादून, रुद्रपुर और काशीपुर समेत कमोबेश पूरे उत्तराखंड में लोगों ने धरती में कंपन महसूस किया। झटके महसूस होते ही कई लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। कुछ देर तक लोगों में दहशत का माहौल बना रहा और लोग एक-दूसरे को फोन कर भूकंप के बारे में जानकारी लेते रहे।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के रिकॉर्ड के अनुसार भूकंप का समय 10:23:13 बजे रहा। शुरुआती रिपोर्टों में अब तक किसी जनहानि या बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।
भूकंप के झटकों की जानकारी सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोग अपने अनुभव साझा करते नजर आए। कई लोगों ने घरों में सामान और खिड़कियों के हिलने की बात बताई। प्रशासन और संबंधित एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
इससे पहले भी उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों में समय-समय पर भूकंप के झटके महसूस होते रहे हैं। मंगलवार रात आए भूकंप का असर उत्तराखंड के अलावा दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत के कुछ अन्य हिस्सों में भी महसूस किया गया।



