
देहरादून। उत्तराखंड में अगले तीन दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रह सकता है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 15 जून तक पर्वतीय क्षेत्रों के साथ कुछ मैदानी इलाकों में भी मौसम सक्रिय रहेगा।
मौसम विभाग के अनुसार 13 और 14 जून को राज्य के पर्वतीय जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिलों के कुछ क्षेत्रों में भी आंधी के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान कई स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
विभाग ने 15 जून के लिए उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश होने और तेज हवाएं चलने की संभावना व्यक्त की गई है। हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग का कहना है कि देश के अन्य हिस्सों में अल नीनो के प्रभाव के कारण मानसून की रफ्तार अपेक्षाकृत धीमी रह सकती है, जबकि उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करते समय विशेष सतर्कता रखने की अपील की है।
