
देहरादून। मौसम विभाग ने उत्तराखंड के लिए 3 अप्रैल तक मौसम का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 29 से 31 मार्च के बीच प्रदेश के सभी जिलों में बारिश होने की संभावना है, जबकि 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है।
29 मार्च को पूरे राज्य में बारिश का अनुमान है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि अन्य जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना है।
30 मार्च को मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दिन उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और बर्फबारी होने के आसार हैं। मैदानी क्षेत्रों में भी हल्की बारिश हो सकती है।
31 मार्च को पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी जारी रह सकती है। मैदानी जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और गर्जन की संभावना है।
1 अप्रैल को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश होगी, जबकि अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
2 और 3 अप्रैल को भी पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी की संभावना बनी रहेगी, जबकि मैदानी जिलों में मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार अगले 2 से 3 दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।

