
अल्मोड़ा(आरएनएस)। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) की लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए रविवार को जनपद भर में पुलिस प्रशासन हाई अलर्ट पर रहा। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए और अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में परीक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस कर्मियों को पहले ही सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए थे। परीक्षा के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह ने लगातार विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अल्मोड़ा जोन में क्षेत्राधिकारी बलवंत सिंह रावत और रानीखेत जोन में मुख्य अग्निशमन अधिकारी नरेंद्र सिंह कुंवर ने सुरक्षा व्यवस्थाओं की निगरानी की। पुलिस द्वारा सभी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर और हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर के माध्यम से सघन जांच की गई। किसी भी अभ्यर्थी को मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस अथवा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र के भीतर ले जाने की अनुमति नहीं दी गई। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए स्थानीय अभिसूचना इकाई और विशेष अभियान दल की टीमें भी सक्रिय रहीं। परीक्षा को प्रभावित करने वाले संदिग्ध और असामाजिक तत्वों पर नजर रखी गई, जबकि सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक और झूठी सूचनाओं की भी निगरानी की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके ने स्वयं विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों तथा कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी पुलिस कर्मियों को अनुशासन, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
