
देहरादून। उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण कम हो गया है। बीते 24 घंटे में प्रदेश में सात नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। वहीं, एक भी मरीज की मौत नहीं हुई है। जबकि नौ मरीजों को ठीक होने के बाद घर भेजा गया। सक्रिय मरीजों की संख्या घटकर 149 हो गई है। जबकि मंगलवार को प्रदेश में 151 सक्रिय मरीज थे।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार, बुधवार को 9067 सैंपलों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। नौ जिलों बागेश्वर, चमोली, चंपावत, पौड़ी, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, टिहरी, ऊधमसिंह नगर और उत्तरकाशी में एक भी संक्रमित मरीज नहीं मिला है। वहीं, अल्मोड़ा और नैनीताल में एक-एक, देहरादून में तीन और हरिद्वार में दो संक्रमित मिले हैं।
प्रदेश में अब तक कोरोना के कुल संक्रमितों की संख्या 343918 हो गई है। इनमें से 330218 लोग ठीक हो चुके हैं। प्रदेश में कोरोना के चलते अब तक कुल 7401 लोगों की जान जा चुकी है। प्रदेश की रिकवरी दर 96.02 प्रतिशत और संक्रमण दर 0.08 प्रतिशत दर्ज की गई है।
राज्य में 524 केंद्रों पर 13 हजार 827 व्यक्तियों का टीकाकरण किया गया। राज्य में अब तक 74 लाख 85 हजार 757 व्यक्तियों को वैक्सीन की पहली खुराक लग चुकी है। जबकि 39 लाख 91 हजार 840 का पूर्ण टीकाकरण हो चुका है। 18 से 44 आयु वर्ग के भी 45 लाख एक हजार 172 व्यक्तियों को वैक्सीन की पहली खुराक और 18 लाख 10 हजार 554 को दोनों खुराक लग चुकी हैं।

