
अल्मोड़ा। उत्तराखंड क्रांति दल के कुमाऊं प्रभारी बहादुर सिंह रावत ने शनिवार को अल्मोड़ा जिला पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठन के आगामी कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों पर चर्चा की। बैठक में अल्मोड़ा, जागेश्वर और सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनाव की तैयारियां तेज करने पर जोर दिया गया। बैठक में बहादुर सिंह रावत ने कार्यकर्ताओं को पार्टी के प्रमुख मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मूल निवास 1950 लागू करने तथा जल, जंगल और जमीन पर उत्तराखंडवासियों के अधिकार सुनिश्चित कराने जैसे मुद्दों को प्रमुखता से जनता के बीच रखा जाए। बैठक में केंद्रीय महामंत्री राजेंद्र सिंह बिष्ट, केंद्रीय संगठन मंत्री चंदन लुधिया, केंद्रीय मंत्री गिरीश नाथ गोस्वामी, केंद्रीय संयुक्त मंत्री त्रिलोक लटवाल, जिला अध्यक्ष दिनेश जोशी, महानगर अध्यक्ष मोहित साह, कार्यकारी अध्यक्ष पान सिंह लटवाल, गिरीश जखोलिया, मनमोहन सिंह, पवन कुमार, गिरीश तिवारी, सुजीत टम्टा सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
