
काशीपुर(आरएनएस)। सीतारामपुर के लोगों ने शुक्रवार को उपजिलाधिकारी को शिकायत पत्र देकर 400 केवी ट्रांसमिशन लाइन परियोजना में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया।उन्होंने परियोजना का कार्य करा रही कंपनी के कर्मचारियों पर मनमानी, जबरन और अवैध तरीके से कार्य करने का आरोप लगाते हुए मामले की जांच कराने तथा जांच पूरी होने तक निर्माण कार्य पर रोक लगाने की मांग की है। आरोप है कि कंपनी ने विद्युत मंत्रालय को गुमराह कर कथित रूप से गलत शपथ पत्र के आधार पर परियोजना का लाइसेंस प्राप्त किया। साथ ही निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा नहीं किया और प्रस्तावित ट्रांसमिशन लाइन के संबंध में स्थानीय स्तर पर आवश्यक सार्वजनिक सूचना भी प्रकाशित नहीं की। शिकायत में यह भी कहा गया है कि कंपनी निर्धारित सर्वे मानचित्र और मानकों के विपरीत कार्य कर रही है तथा स्थानीय प्रशासन की मिलीभगत से नियमों की अनदेखी कर रही है। शिकायतकर्ताओं ने कंपनी की मूल कंप्लेन करते हुए उसके विरुद्ध एक सीबीआई एफआईआर का हवाला दिया। उन्होंने मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए तथा परियोजना से संबंधित लाइसेंस निरस्त करने पर भी विचार किया जाए। इस दौरान केवल सिंह, सुखविंदर सिंह, मेजर सिंह, रविन्द्र सिंह, मनशरन सिंह, मंजीत सिंह, गुरपाल सिंह, हरदीप सिंह मान, मंजीत सिंह, प्रेम बोहरा, टीका राम सैनी, प्रेम सिंह सहोता, गुरदेव सिंह, सवेन्द्र प्रसाद मुन्ना समेत आदि मौजूद रहे।
