
देहरादून। ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा दिलाने और मशहूर गायक को रेस्टोरेंट के प्रमोशन के लिए बुलाने का झांसा देकर एक कारोबारी से 1 करोड़ 7 लाख 70 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। राजपुर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार पीड़ित अभिषेक पारिख की मुलाकात प्रीतम सिंह चटवाल के माध्यम से एडीआर ट्रेडर्स के संचालक अंकित सिंह रावत से हुई थी। आरोपी ने खुद को बड़ा ट्रेडर बताते हुए निवेश और मुनाफे के फर्जी दस्तावेज दिखाकर विश्वास में लिया और 90 लाख रुपये निवेश करने पर प्रतिदिन 1.8 लाख रुपये लाभ का लालच दिया। इसके बाद पीड़ित ने 90 लाख रुपये आरोपी को दे दिए।
कुछ समय तक आरोपी की ओर से मुनाफा दिया गया, लेकिन बाद में भुगतान बंद कर दिया गया। शिकायत करने पर ई-मेल के जरिए रकम सुरक्षित होने का दावा किया गया। इसी दौरान मार्च 2026 में पीड़ित ने नया रेस्टोरेंट शुरू किया, जिसके प्रमोशन के नाम पर आरोपी ने गायक दिलजीत दोसांझ को बुलाने का झांसा देकर 24 लाख रुपये ले लिए। इसके बाद फ्लाइट टिकट और होटल बुकिंग के नाम पर करीब डेढ़ लाख रुपये और वसूले गए।
काफी समय तक गायक के नहीं आने पर पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ। पुलिस के अनुसार पीड़ित से कुल 1 करोड़ 15 लाख 50 हजार रुपये लिए गए, जिसमें से 7 लाख 80 हजार रुपये वापस किए गए। शेष 1 करोड़ 7 लाख 70 हजार रुपये की ठगी की गई है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर एडीआर ट्रेडर्स, अंकित रावत, पूजा चमोली और आदित्य राव निवासी मसूरी रोड मालसी स्थित पार्क वेल सोसायटी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

