
अल्मोड़ा। जी.आर. चैरिटेबल हेल्थ ट्रस्ट द्वारा विकासखंड स्याल्दे के दुर्गम क्षेत्र शेरू भनेरिया में निःशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में करीब 80 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर के दौरान ग्रामीणों को निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श, रक्तचाप और शुगर की जांच के साथ दवाइयां एवं हेल्थ सप्लीमेंट वितरित किए गए। इसके अलावा थायराइड, गठिया, लीवर और किडनी सहित विभिन्न आवश्यक रक्त जांचों की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। नेत्र परीक्षण के लिए आधुनिक उपकरणों का उपयोग किया गया तथा जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क रीडिंग चश्मे वितरित किए गए। शिविर में आई ऑप्टोमेट्रिस्ट खलील अहमद और डॉ. रवि शंकर बलोदी ने स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण कर ग्रामीणों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। ग्रामीणों ने ट्रस्ट की इस पहल की सराहना करते हुए चिकित्सकीय टीम और पदाधिकारियों का आभार जताया। ट्रस्ट के अध्यक्ष रमेश सनवाल ने कहा कि संस्था का उद्देश्य दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों तक सुलभ, गुणवत्तापूर्ण तथा किफायती स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए भविष्य में भी नियमित रूप से ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

