
अल्मोड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके ने शुक्रवार को महिला कोतवाली अल्मोड़ा का वार्षिक निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर, सीसीटीएनएस कार्यालय, मालखाना और बैरकों की स्थिति का परीक्षण किया गया, जहां साफ-सफाई संतोषजनक पाई गई। साथ ही थाने के अभिलेखों का गहन निरीक्षण कर प्रविष्टियों की जांच की गई और उन्हें अद्यतन व सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए। सीसीटीएनएस कार्यों की समीक्षा करते हुए ऑनलाइन जीडी और आईआईएफ फॉर्म समय से दर्ज करने तथा पोर्टलों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके अलावा लंबित विवेचनाओं, शिकायती प्रार्थना पत्रों, वारंटों की तामील और निरोधात्मक कार्यवाहियों की समीक्षा करते हुए सभी लंबित मामलों और मालों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने तथा सरकारी संपत्ति के रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही थाने में आने वाले शिकायतकर्ताओं के साथ शालीन और संवेदनशील व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनहित में जागरूकता अभियान निरंतर चलाने पर भी जोर दिया गया। निरीक्षण के दौरान सीएफओ नरेंद्र सिंह कुंवर, प्रभारी निरीक्षक जानकी भंडारी, आशुलिपिक महेश कश्यप, अपर उपनिरीक्षक बीना दोसाद सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


