
अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय की शैक्षिक परिषद की तृतीय बैठक कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप तैयार किए गए विभिन्न शैक्षणिक, शोध एवं प्रशासनिक प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की गई। बैठक में सदस्य सचिव एवं कुलसचिव डॉ. देवेंद्र सिंह बिष्ट ने कार्यवाही का संचालन किया। परिषद ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप पुनरीक्षित क्रेडिट संरचना के आधार पर तैयार स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों को शैक्षणिक सत्र 2025-26 से लागू करने के प्रस्ताव का अनुमोदन किया। इसके अलावा कला, विज्ञान, दृश्यकला और अन्य संकायों की बैठकों में लिए गए निर्णयों को भी स्वीकृति दी गई। परिषद ने विश्वविद्यालय की परीक्षा समिति के कार्यवृत्त, विभिन्न विषयों में शोधार्थियों के शोध विषयों, प्रदान की गई पीएचडी उपाधियों तथा शोध एवं प्रसार निदेशालय द्वारा प्रस्तुत शोध अध्यादेश को भी मंजूरी दी। शैक्षणिक एवं शोध गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न संस्थानों और विश्वविद्यालयों के साथ किए गए एमओयू का भी अनुमोदन किया गया। बैठक में दीनदयाल उपाध्याय व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास योजना के अंतर्गत बी.वॉक होटल मैनेजमेंट पाठ्यक्रम शुरू करने, विश्वविद्यालय के लोअर कैंपस स्थित प्रेक्षागृह का नाम ‘स्वामी विवेकानंद सभागार’ रखने, विश्वविद्यालय के अभिलेखों में ‘इंडिया’ के स्थान पर ‘भारत’ शब्द का प्रयोग करने, विश्वविद्यालय के कुलगीत, शैक्षणिक कैलेंडर तथा नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी कैंपस की स्थापना से जुड़े प्रस्तावों को भी स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में कुलाधिपति द्वारा नामित सदस्य, कार्य परिषद के सदस्य, विभिन्न संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष तथा विश्वविद्यालय से जुड़े शिक्षाविदों ने प्रतिभाग किया। अंत में कुलसचिव डॉ. देवेंद्र सिंह बिष्ट ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

