
रुद्रपुर(आरएनएस)। सितारगंज स्थित नवीन मंडी में बने खाद्य विभाग के दो कांटों पर गेहूं खरीद शुरू हो गई। इस बार शासन ने कांटों को साढ़े चार हजार क्विंटल गेहूं खरीदने का लक्ष्य दिया है। वहीं खरीद शुरू होने से किसानों ने राहत की सांस ली है। इधर सितारगंज, नानकमत्ता के अन्य कांटों में लिमिट आ गई है। हालाकि शुक्रवार को अधिकांश केंद्रों में तौल शुरू नहीं हुई। सरकारी कांटों पर गेहूं खरीद ना होने से किसानों ने एसएमओ कार्यालय में तालाबंदी कर धरना प्रदर्शन किया था। वहीं, शुक्रवार को खरीद शुरू होते ही किसान ने राहत की सांस ली। वह अपनी उपज लेकर मंडी पहुंचने लगे। किसानों का कहना है कि सरकारी खरीद शुरू होने से उन्हें उचित मूल्य मिल सकेगा और बिचौलियों पर निर्भरता भी कम होगी। एसएमओ विनय चौधरी ने बताया कि खरीद प्रक्रिया को सुचारू और पारदर्शी तरीके से संचालित किया जा रहा है। केंद्रों पर तौल और पंजीकरण की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने किसानों से अपील की है कि वह निर्धारित मानकों के अनुसार साफ और सूखा गेहूं ही खरीद केंद्रों पर लाएं। जिससे खरीद प्रक्रिया में कोई बाधा न आए।

