
विकासनगर(आरएनएस)। उत्तरांचल स्टेट प्राइमरी टीचर्स एसोसिएशन सहसपुर ने गुरुवार को बैठक कर शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो 24 अप्रैल से चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा। संघ के ब्लॉक अध्यक्ष प्रमोद सिंह रावत ने कहा कि विकासखंड के कई प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों की भारी कमी बनी हुई है। 26 पद रिक्त होने के कारण शैक्षिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। वर्तमान में एक-एक शिक्षक के भरोसे स्कूल संचालित हो रहे हैं, जिससे शिक्षण कार्य सुचारू रूप से नहीं हो पा रहा है। संघ ने मांग की है कि तीन अप्रैल तक सभी रिक्त पदों पर नियुक्ति की जाए। इसके अलावा विद्यालयों में शिक्षकों की ड्यूटी दिवसवार तय करने तथा सभी स्कूलों में समुचित स्टाफ उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई गई है। संघ ने कहा कि नए शैक्षणिक सत्र के शुरू होने से पहले व्यवस्थाएं दुरुस्त की जानी चाहिए, अन्यथा छात्रों के नामांकन और पढ़ाई पर विपरीत प्रभाव पड़ेगा। कई विद्यालयों में शिक्षकों के अभाव में बच्चों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। संघ ने जिला शिक्षा अधिकारी से अनुरोध किया है कि जिन शिक्षकों ने टीईटी उत्तीर्ण कर लिया है, उन्हें प्राथमिक विद्यालयों में शीघ्र नियुक्त किया जाए। साथ ही, डीएलएड प्रशिक्षित शिक्षकों को भी उनकी योग्यता के अनुसार पदस्थापित करने की मांग की गई है। संघ ने स्पष्ट किया कि यदि 24 अप्रैल तक उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।


