
कोटद्वार। भाबर क्षेत्र के नींबूचौड़ में संत रविदास जयंती के अवसर पर निकाली गई शोभायात्रा के दौरान रविवार शाम एक तेज रफ्तार कार के बेकाबू होकर भीड़ में घुस जाने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में आठ लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल युवक को हायर सेंटर एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शोभायात्रा नींबूचौड़ क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी एक तेज रफ्तार कार ने आगे चल रहे लोगों को टक्कर मार दी। इसके बाद चालक ने वाहन को तेजी से पीछे किया, जिससे पीछे चल रहे कई अन्य लोग भी उसकी चपेट में आ गए। स्थिति उस समय और भयावह हो सकती थी, यदि कार सड़क किनारे पड़े पत्थरों के ढेर और पीछे चल रही एक अन्य कार से टकराकर नहीं रुकती। टक्कर के बाद शोभायात्रा में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
घटना में नींबूचौड़ निवासी अजय (32) पुत्र राम प्रसाद, बाला देवी (60) पत्नी नत्थू लाल, उनका बेटा संजीव (35), वीरेंद्र सिंह (30) पुत्र जयचंद, नैतिक (12) पुत्र संजय कुमार, यतिका (4) पुत्र मंजीत, खूनीबड़ निवासी प्रदीप कुमार (23) पुत्र ऋषिपाल और लक्की (23) पुत्र भुवन सिंह घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल बेस अस्पताल कोटद्वार ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने अजय की हालत गंभीर बताते हुए उसे एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया।
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने कार चालक को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सोमवार को क्षेत्रवासी कोतवाली पहुंचे और आरोपी को जमानत दिए जाने का विरोध करते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान उन्होंने आरोपी और उसके परिजनों को थाने में बुलाने की भी मांग रखी।
बाद में आरोपी पक्ष की ओर से चार गंभीर रूप से घायलों के इलाज का पूरा खर्च उठाने और क्षतिग्रस्त वाहन की मरम्मत कराने का आश्वासन दिया गया। उधर, जांच अधिकारी उपनिरीक्षक जयपाल सिंह ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

