

नैनीताल(आरएनएस)। भवाली-अल्मोड़ा नेशनल हाईवे के गरमपानी के समीप शिप्रा नदी में नहा रहे लोगों के खिलाफ पुलिस ने शनिवार को कार्रवाई करते हुए उनके चालान काटे। खैरना गरमपानी व्यापार मंडल अध्यक्ष नीरज जलाल ने नदी में कुछ लोगों को नहाते देख इसकी सूचना पुलिस को दी थी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने लोगों को नदी में नहाने से रोका और नियमों के उल्लंघन पर चालान की कार्रवाई की। व्यापार मंडल अध्यक्ष नीरज जलाल ने बताया, कि हाल ही में बेतालघाट क्षेत्र में कोसी नदी में डूबने से 17 वर्षीय युवक की मौत हो गई थी। इस दुखद हादसे के बाद नदियों में नहाने के दौरान होने वाले खतरों को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि नदी में उतरना जानलेवा साबित हो सकता है, इसलिए लोगों और पर्यटकों को सुरक्षा नियमों का पालन करना चाहिए। उन्होंने आम जनता और पर्यटकों से अपील की कि शिप्रा नदी में नहाने के लिए न उतरें और नदी में कूड़ा-कचरा डालकर गंदगी न फैलाएं। उन्होंने कहा कि नदी की स्वच्छता बनाए रखना और अपनी सुरक्षा का ध्यान रखना सभी की जिम्मेदारी है।



