
रुद्रपुर(आरएनएस)। शराब पीकर हंगामा कर रहे लोगों को मना किया तो उन्होंने युवक की जमकर पिटाई कर दी। तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। नगर के वार्ड नंबर छह निवासी इंद्रजीत सिंह पुत्र हरदीप सिंह ने बताया कि 21 नवंबर को वह घर पर था। रात को बाहर से खूब शोर होने की आवाज आ रही थी। बाहर जाकर देखा तो घर के गेट के सामने सड़क पर एक कार खड़ी थी। इसमें छोटेलाल, निखिल, बॉबी, संचित कश्यप और गुरसेवक सिंह बैठे थे। पांचो शराब पी रहे थे और शोर मचा रहे थे। जब उसने घर के सामने शराब पीने से मना किया तो वे लोग गाली-गलौज करने लगे। बात बढ़ी तो आरोपियों ने घर में घुसकर उसके साथ मारपीट की। कार में से लोहे की रॉड निकालकर उसके सिर पर मार दी। हमले में उसे गंभीर चोट आई और वह घायल होकर सड़क पर गिर गया। इसके बाद भी आरोपी उसे लात-घूसों से मारते रहे। राहगीरों ने बीचबचाव कराया। आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। मामले में पुलिस ने पांचों लोगों के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

