
अल्मोड़ा। सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा के थाना बाजार स्थित कुंदन लाल साह ट्रस्ट सभागार में शाह चौधरी समाज की पारंपरिक होली का आयोजन किया गया। दशकों से चली आ रही इस परंपरा में इस बार भी लोक संस्कृति के रंग बिखरे और पारंपरिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद भगवान की स्तुति और कुमाऊंनी होली गीतों की स्वर लहरियों ने पूरे सभागार को उत्सवमय बना दिया। महिला और पुरुष होल्यारों की बड़ी संख्या में मौजूदगी ने आयोजन की रौनक बढ़ा दी। इस बार आयोजन में पुरुष फुलारियों की विशेष भागीदारी देखने को मिली। पारंपरिक झोड़ा नृत्य में महिलाओं और पुरुषों ने एक साथ भाग लेकर कुमाऊं की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रदर्शन किया। इसके साथ ही विभिन्न स्वांग प्रस्तुत किए गए, जिनमें सामाजिक विषयों को रोचक ढंग से प्रस्तुत किया गया। लोकगीतों की प्रस्तुतियों ने भी माहौल को सरस बनाए रखा। कार्यक्रम में शाह चौधरी समाज के अध्यक्ष दीप लाल साह, पूर्व अध्यक्ष प्रभात साह, पूर्व सचिव उदय राज साह, अनूप साह, सिद्धार्थ साह, निशा साह और महिला सांस्कृतिक समिति की जया साह सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। इसके अलावा सुदर्शन शाह, पवन शाह, बृजेश शाह, महेश चंद्र शाह, अभिषेक शाह, रेखा साह, निर्मला शाह, दिनेश चंद्र साह, विनीता साह, पूजा साह, शीला साह, मीनाक्षी शाह, ममता शाह और बबीता साह ने भी आयोजन में भागीदारी की।

