
विकासनगर(आरएनएस)। कोतवाली सहसपुर क्षेत्र की एक युवती ने एक युवक पर करीब तीन वर्षों तक शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और अब शादी से इनकार करने का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी युवक और उसके दो चाचाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। युवती ने न्याय नहीं मिलने पर आत्मदाह करने की चेतावनी दी है। युवती का आरोप है कि उसकी करीब तीन वर्षों से रतनवाला निवासी आरिफ उर्फ आदि पुत्र इम्तियाज से जान-पहचान है। आरोप है कि इस दौरान युवक ने शादी करने का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। युवती के अनुसार जब उसने शादी के लिए कहा तो आरोपी ने इनकार कर दिया। उसने युवक के माता-पिता से भी विवाह की बात की, लेकिन उन्होंने भी सहमति नहीं दी। आरोप है कि इसके बाद युवक और उसके परिजनों की ओर से उसे बदनाम करने का प्रयास किया गया। युवती ने युवक के चाचा नसीम और फरीद पर पंचायत बुलाकर उसे परेशान करने का भी आरोप लगाया है। उसने बताया कि युवक के पास उसकी कुछ फोटो और वीडियो हैं। कोतवाली प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया कि युवती की तहरीर पर युवक और उसके दोनों चाचाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

