
बागेश्वर(आरएनएस)। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन की जिला कार्यकारिणी की बैठक में सेनानी परिवारों से जुड़े लंबित मुद्दों पर चर्चा कर उनके शीघ्र समाधान की मांग की गई। पदाधिकारियों ने सेनानी परिवारों को पूर्व में आवंटित भूमि का मामला प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से भूमि आवंटित किए जाने के बावजूद परिवारों को अब तक इसका लाभ नहीं मिल पाया है। संगठन ने मामले की जांच कर वास्तविक स्थिति सार्वजनिक करने की मांग की। वक्ताओं ने 15 अगस्त के कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारियों को आमंत्रित नहीं किए जाने पर नाराजगी जताई। जिलाध्यक्ष कैप्टन धर्मेंद्र पांडेय ने सेनानी परिवारों की तीसरी पीढ़ी को भी सरकारी नौकरियों में आरक्षण का लाभ देने, सम्मान पेंशन बढ़ाकर 15 हजार रुपये प्रतिमाह करने और दूसरी पीढ़ी को स्वास्थ्य व परिवहन में विशेष छूट देने की मांग की।
उन्होंने सेनानी परिवारों के घरों के बाहर सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने तथा उनके गांवों में सड़क और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी की। प्रदेश अध्यक्ष ललित पंत ने कहा कि देश की आजादी में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का योगदान अमूल्य है। सरकार को सेनानी परिवारों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करना चाहिए। बैठक में संरक्षक गिरीश जोशी, उपाध्यक्ष मीनाक्षी नेगी, सचिव पंकज डसीला, कोषाध्यक्ष गुमान सिंह धपोला, विजय धपोला, नंदाबल्लभ जोशी, हरीश डसीला, महेश पंत, धाम सिंह, रमेश सिंह धपोला, रजनी शाही आदि मौजूद रहे।

