
अल्मोड़ा। जनपद में ‘सरकार आपके द्वार’ सेवा सेतु कार्यक्रम के तहत 23 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न विकासखंडों में बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन किया जाएगा। शिविर प्रातः 11 बजे से आयोजित होंगे। जिला प्रशासन ने शिविरों के आयोजन के लिए विस्तृत रोस्टर जारी करने के साथ संबंधित खंड विकास अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित किया है। कार्यक्रम के तहत 23 सितंबर को हवालबाग के ग्राम पंचायत तलाड़, 26 सितंबर को ताकुला के जूनियर हाईस्कूल धौनीगाड़, 29 सितंबर को ताड़ीखेत के राजकीय इंटर कॉलेज कुनेलाखेत, 5 अक्टूबर को द्वाराहाट के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मजखाली और 7 अक्टूबर को चौखुटिया के राजकीय इंटर कॉलेज कलरौ खड़कत्या में शिविर आयोजित होगा। इसी क्रम में 8 अक्टूबर को सल्ट के जीआईसी क्वेराला, 9 अक्टूबर को स्याल्दे के जीआईसी जौरासी, 12 अक्टूबर को लमगड़ा के प्राथमिक पाठशाला टकोली, ढैली, 15 अक्टूबर को भिकियासैंण के जीआईसी जीनापानी, 16 अक्टूबर को धौलादेवी के राजकीय इंटर कॉलेज भनोली और 17 अक्टूबर को भैसियाछाना के विकासखंड सभागार में बहुउद्देशीय शिविर लगाए जाएंगे। जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं के निस्तारण तथा सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए संबंधित शिविरों में प्रतिभाग करें।


