
अल्मोड़ा। सराईखेत रोड पर ग्राम बसई के पास शुक्रवार देर रात एक कार दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गई। सूचना मिलते ही देघाट पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य चलाकर कार में सवार तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस के अनुसार रात करीब दो बजे आपातकालीन सेवा 112 पर दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि कार सड़क पर पलटने के बाद एक चीड़ के पेड़ से टकराकर रुक गई थी। बचाव अभियान के दौरान कार में सवार तीनों व्यक्तियों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। दुर्घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई। केवल वाहन चालक के पैर में मामूली खरोंच आई है। राहत एवं बचाव कार्य में उप निरीक्षक गंगाराम सिंह गोला, हेड कांस्टेबल सतनाम चंद, कांस्टेबल उपेंद्र यादव, कांस्टेबल जगदीश सिंह ज्याला तथा कांस्टेबल अशोक बिष्ट शामिल रहे।

