

देहरादून(आरएनएस)। कैंट क्षेत्र के गुच्चुपानी स्थित अनारवाला चौक पर वाहन को रास्ता देने और सड़क पर खुलेआम शराब पीने को लेकर दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। विवाद में एक युवक के सिर में गंभीर चोट आई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर क्रॉस मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इंस्पेक्टर कैंट संतोष कुंवर के मुताबिक, एक पक्ष के सुमीत सैन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 10 अक्तूबर की रात करीब 10 बजे गुच्चुपानी चौक पर कुछ लोग सड़क पर शराब पी रहे थे। उन्होंने वाहन निकालने के लिए रास्ता मांगा तो राजीव गुरंग, आनंद गुरंग, सत्यम समेत पांच-छह अन्य लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। मारपीट में ललित नाम के युवक के सिर में गंभीर चोट आई।
वहीं, दूसरे पक्ष के सत्यम गुरंग ने भी सुमीत सैन और उनके साथियों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया है। सत्यम का आरोप है कि वह विवाद के दौरान केवल बीच-बचाव कराने पहुंचे थे, लेकिन सुमीत और उनके साथियों ने उनके साथ भी मारपीट की। इंस्पेक्टर संतोष कुंवर ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर क्रॉस मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



