

अल्मोड़ा। रानीखेत में जनगणना कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए सचिव संस्कृत शिक्षा, जनगणना एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग उत्तराखंड शासन दीपक कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। बैठक में रानीखेत तहसील, रानीखेत कैंट बोर्ड और रानीखेत-चिलियानौला एनपीपी क्षेत्र में चल रहे जनगणना प्रथम चरण के कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में हाउस लिस्टिंग और ब्लॉक कार्यों की प्रगति पर चर्चा करते हुए सचिव ने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा से पहले पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने, नियमित मॉनिटरिंग करने और फील्ड स्तर पर सतत निगरानी बनाए रखने को कहा गया। उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य की गुणवत्ता और शुद्धता बनाए रखना सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। साथ ही सभी हाउस लिस्टिंग ब्लॉकों का कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने और आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। बैठक में अधिकारियों ने क्षेत्र में संचालित जनगणना कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी देते हुए निर्धारित समयावधि में सभी कार्य पूर्ण करने का आश्वासन दिया। बैठक में तहसीलदार एवं चार्ज अधिकारी रानीखेत तहसील दीपिका आर्य, चार्ज अधिकारी रानीखेत कैंट बोर्ड राजेंद्र प्रसाद पंत, अतिरिक्त चार्ज अधिकारी रानीखेत कैंट बोर्ड आदित्य और चार्ज अधिकारी रानीखेत-चिलियानौला एनपीपी राजेश बुधनी मौजूद रहे।

