
देहरादून(आरएनएस)। महंगाई भत्ता का बढ़ाने का आदेश नहीं होने से रोडवेज कर्मचारियों का आक्रोश बढ़ रहा है। कर्मचारियों ने अन्य विभागों की भांति रोडवेज कर्मचारियों का भत्ता भी बढ़ाने की मांग की है। सरकार ने राज्य कर्मचारियों का भत्ता जनवरी महीने से बढ़ा दिया था। भत्ते को 42 से बढ़ाकर 46 फीसदी किया गया था, लेकिन निगमों में कार्यरत कर्मचारियों का भत्ता अभी तक नहीं बढ़ाया गया। इससे रोडवेज में कार्यरत तीन हजार कर्मचारियों में आक्रोश है। रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रदेश महामंत्री दिनेश पंत ने राज्य कर्मचारियों की भांति निगमों में कार्यरत कर्मचारियों का महंगाई भत्ता भी बढ़ाने की मांग की है। उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन के प्रदेश महामंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि भत्ता बढ़ाने का आदेश नहीं होने से कर्मचारियों में आक्रोश है। कहा कि रोडवेज कर्मचारियों को कभी भी समय पर भत्ता बढ़ोत्तरी का लाभ नहीं मिलता है। उन्होंने जल्द ही भत्ता बढ़ाने का आदेश करने की मांग की है। साथ ही यह भी मांग की है कि राज्य कर्मचारियों के साथ ही निगम कर्मचारियों को भी भत्ता बढ़ोत्तरी का लाभ दिया जाए।


