
ऋषिकेश। पुलिस ने आईडीपीएल चौकी क्षेत्र स्थित होटल नवरंग में छापेमारी कर अवैध रूप से संचालित कसीनो का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई में 10 महिला डांसरों समेत कुल 35 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार देर रात मुखबिर की सूचना पर क्षेत्राधिकारी नीरज सेमवाल के नेतृत्व में टीम ने होटल पर छापा मारा। मौके पर नेपाली थीम पर संचालित कसीनो पकड़ा गया। छापेमारी के दौरान करीब 20 हजार कॉइन, नकदी, छह बोतल शराब, 20 रुपये के नकली नोट और बड़ी संख्या में ताश की गड्डियां बरामद की गईं।
पुलिस को देखते ही मौके पर मौजूद लोग भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया गया। मामले में दिल्ली समेत स्थानीय लोगों और कुछ जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की भी जानकारी सामने आई है।
प्राथमिक जांच में पता चला है कि गुमानीवाला श्यामपुर निवासी अशोक थापा इस कसीनो का संचालन कर रहा था, जिसकी शुरुआत 27 मार्च को ही की गई थी। बताया जा रहा है कि कसीनो में नकद के साथ ऑनलाइन लेनदेन के जरिए भी खेल संचालित किया जा रहा था।
पुलिस ने होटल को सील कर दिया है और मामले में आगे की जांच जारी है।

