
अल्मोड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के के निर्देश पर जनपद में चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के तहत कोतवाली अल्मोड़ा पुलिस ने ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार मोटरसाइकिलों को सीज किया है। पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी अल्मोड़ा/यातायात बलवंत सिंह रावत के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अल्मोड़ा योगेश चंद्र उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नगर क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर वाहनों की गहन जांच की गई। चेकिंग के दौरान चार मोटरसाइकिलों में रेट्रो साइलेंसर लगे पाए गए, जिनसे पटाखों जैसी तेज आवाज उत्पन्न हो रही थी। पुलिस के मुताबिक इस प्रकार की ध्वनि से न केवल ध्वनि प्रदूषण फैल रहा था, बल्कि आम लोगों को असुविधा होने के साथ सार्वजनिक शांति व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी। पुलिस टीम ने संबंधित चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए चारों मोटरसाइकिलों को सीज कर दिया। साथ ही अन्य वाहन चालकों को भी चेतावनी दी गई कि वे अपने वाहनों में किसी भी प्रकार के अवैध संशोधन न करें और यातायात नियमों का पालन करें।


