
अल्मोड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के के निर्देश पर जनपद में चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के तहत अल्मोड़ा पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन मोटरसाइकिलों को सीज किया, जबकि काली फिल्म लगी एक कार के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अल्मोड़ा योगेश चंद्र उपाध्याय के नेतृत्व में नगर क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर वाहनों की गहन जांच की गई।
चेकिंग के दौरान एक थार वाहन के शीशों पर काली फिल्म लगी पाई गई, जिसे मौके पर ही हटाया गया और चालक के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं तीन मोटरसाइकिलों में रेट्रो साइलेंसर लगे पाए गए, जिनसे तेज आवाज उत्पन्न हो रही थी, जिससे आम लोगों को असुविधा होने के साथ सार्वजनिक शांति व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी।
पुलिस ने संबंधित चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए तीनों मोटरसाइकिलों को सीज कर दिया। साथ ही वाहन चालकों को सख्त चेतावनी दी गई कि वे अपने वाहनों में किसी भी प्रकार के अवैध संशोधन न करें और यातायात नियमों का पालन करें।



