
अल्मोड़ा। संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन दिल्ली के तत्वावधान में बाबा गुरबचन सिंह महाराज के जीवन से प्रेरणा लेकर संत निरंकारी मिशन की रानीखेत शाखा द्वारा रंगोली सम्मेलन स्थल, विजय चौक के निकट सत्संग एवं विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मिशन के पदाधिकारियों ने बताया कि मानव एकता दिवस के अवसर पर संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन द्वारा प्रतिवर्ष देश और विदेश में रक्तदान शिविर आयोजित किए जाते हैं। इसी क्रम में सद्गुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के मार्गदर्शन में बाबा हरदेव सिंह महाराज की शिक्षा ‘रक्त नालियों में नहीं, नाड़ियों में बहना चाहिए’ को आत्मसात करते हुए रानीखेत में रक्तदान शिविर और सत्संग का आयोजन किया गया। शिविर में रानीखेत, मजखाली, ताड़ीखेत और अल्मोड़ा से जुड़े निरंकारी परिवार के सदस्यों ने बड़ी संख्या में भागीदारी की। अल्मोड़ा और रानीखेत की स्वास्थ्य विभाग की टीमों के सहयोग से आयोजित शिविर में लगभग 150 लोगों ने रक्तदान किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल ने कहा कि संत निरंकारी मिशन पूरे देश में रक्तदान शिविरों, स्वच्छता अभियानों और विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से समाज सेवा का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि रानीखेत में लगभग 150 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जो सराहनीय पहल है। उन्होंने मिशन के स्वयंसेवकों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान देने का कार्य अत्यंत पुण्य और मानवीय सेवा है। उन्होंने मिशन की गतिविधियों के निरंतर विस्तार और सफलता की कामना की।
