
अल्मोड़ा। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जनपद में औषधियों के सुरक्षित एवं विधिसम्मत क्रय-विक्रय को सुनिश्चित करने के लिए शनिवार को रानीखेत क्षेत्र में सघन निरीक्षण अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभिन्न मेडिकल स्टोरों की जांच की गई।
ड्रग इंस्पेक्टर पूजा जोशी ने औषधि प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम तथा नियमावली के प्रावधानों के अनुपालन की जांच की। निरीक्षण में अनियमितताएं मिलने पर एक औषधि अनुज्ञापत्र (लाइसेंस) के निलंबन अथवा निरस्तीकरण की संस्तुति की गई।
इसके अलावा तीन औषधि प्रतिष्ठानों में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर उनके यहां औषधियों के क्रय-विक्रय पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई। संबंधित प्रतिष्ठानों को अनुज्ञापत्र की सभी शर्तों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।
विभाग ने प्रतिष्ठानों में पंजीकृत फार्मासिस्ट की नियमित उपलब्धता, औषधियों के विधिसम्मत क्रय-विक्रय, आवश्यक अभिलेखों के संधारण तथा नियमों के अनुरूप संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्धारित समय सीमा के भीतर कमियां दूर कर अनुपालन आख्या विभाग को उपलब्ध कराने को कहा गया।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने स्पष्ट किया कि जनस्वास्थ्य के हित में ऐसे निरीक्षण अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
