
देहरादून(आरएनएस)। महंगाई भत्ता बढ़ाने की मांग को लेकर राज्य कर्मचारियों ने सरकार पर दबाव बढ़ा दिया है। कर्मचारी संगठनों ने मुख्यमंत्री को पत्र लिख कर चार प्रतिशत डीए बढ़ाने की मांग की। उतराखंड अधिकारी कर्मचारी शिक्षक समन्वय समिति ने जुलाई महीने से प्रस्तावित चार प्रतिशत महंगाई भत्ता का लाभ न मिलने पर सवाल उठाए। सचिव संयोजक पूर्णानंद नौटियाल ने कहा कि दिसंबर समाप्त होने के बाद भी अभी तक बढ़े हुए डीए का लाभ नहीं मिल पाया है। इसे लेकर कर्मचारियों में गहरी नाराजगी है। 15 जनवरी तक डीए घोषित न हुआ, तो आंदोलन तय है। कहा कि केंद्र सरकार ने अपने कर्मचारियों को जुलाई महीने से चार प्रतिशत बढ़े हुए महंगाई भत्ता का लाभ देने का आदेश बहुत पहले कर दिया था। केंद्रीय कर्मचारियों को 46 प्रतिशत डीए मिल रहा है, जबकि राज्य कर्मचारी अभी भी 42 प्रतिशत डीए ही ले रहे हैं। इसके विरोध में समन्वय समिति की प्रान्तीय संयोजक मण्डल की बैठक बुलाकर आन्दोलन की घोषणा की जाएगी। ऐसा पहली बार होगा, जब कर्मचारी डीए का लाभ लेने को आंदोलन करेंगे। उत्तराखंड अधिकारी कार्मिक शिक्षक महासंघ ने भी सीएम को पत्र लिख कर जल्द बढ़े हुए चार प्रतिशत डीए का लाभ देने की मांग की। अध्यक्ष दीपक जोशी और महासचिव जगमोहन सिंह नेगी ने केंद्र के समान डीए का लाभ सुनिश्चित कराने को दबाव बनाया।

