
रुड़की। रुड़की में ई-रिक्शा चालक से तमंचे के बल पर लूट में पंजाब का बदमाश शामिल था। बदमाश ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर रुड़की बस अड्डे के पास से बाइक भी चोरी की थी। दो तमंचे, कारतूस, बाइक, नकदी बरामद किए गए हैं। सिविल लाइंस कोतवाली को सुनहरा पेट्रोल पंप के पास इंदिरा विहार कॉलोनी निवासी मोनू ने तहरीर देकर बताया था कि ई रिक्शा लेकर रुड़की की ओर आ रहा था। शंकरपुरी गांव के पास बाइक सवारों ने ओवरटेक कर रोक लिया था। उन्होंने कनपटी पर तमंचा तानकर तलाशी ली थी। तलाशी में जेब से पर्स निकाल कर मारपीट कर बदमाश फरार हो गए थे। उप निरीक्षक नितिन बिष्ट के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया था। इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि देवेंद्र पुत्र संतर पाल निवासी तांशीपुर कोतवाली मंगलौर और राजन उर्फ राजवीर पुत्र अशोक कुमार निवासी गांव रामपुर थाना सदर लुधियाना पंजाब को लूट के मामले में गिरफ्तार किया है। आरोपियों से दो तंमचे, कारतूस, बाइक, 170 रुपये और जरूरी कागजात बरामद किए हैं।

