
रुद्रपुर(आरएनएस)। थाना पुलभट्टा क्षेत्र के तहत सिरौली रेलवे फाटक के पास रेलवे पटरी के निकट एक अज्ञात युवक का शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुक्रवार सुबह पुलभट्टा पुलिस को इस घटना की जानकारी मिली थी, जिसके बाद उपनिरीक्षक धीरज वर्मा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। तलाशी के दौरान पुलिस को मृतक की पैंट की जेब से एक मतदाता पहचान पत्र मिला, जिससे उसकी पहचान बहराइच उत्तर प्रदेश के पयागपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत काशीजोत (मकान नं. 142) निवासी 21 वर्षीय गोलू पुत्र रामप्रताप के रूप में हुई।
फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। एसआई धीरज वर्मा ने बताया कि युवक के शरीर पर चोट के कोई प्रत्यक्ष निशान नहीं मिले हैं। जेब से मिले पहचान पत्र के आधार पर संबंधित थाने से संपर्क किया जा रहा है। मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

