
पिथौरागढ़(आरएनएस)। उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ ने वार्षिक स्थानांतरण प्रक्रिया में प्राथमिक शिक्षकों को श्रेणीवार रोटेशन और काउंसलिंग के आधार पर स्थानांतरण का समान अवसर देने की मांग उठाई है। मंगलवार को संघ के अध्यक्ष जितेंद्र वल्दिया ने कहा कि स्थानांतरण अधिनियम और काउंसलिंग संबंधी शासनादेशों की भावना के अनुरूप सभी श्रेणियों को समान अवसर नहीं मिल पा रहा है।
स्थानांतरण प्रक्रिया में प्रत्येक श्रेणी को रोटेशन के आधार पर अवसर दिया जाना चाहिए, ताकि लंबे समय से एक ही स्थान पर सेवा दे रहे वरिष्ठ शिक्षकों को भी न्यायोचित लाभ मिल सके। संघ ने एकल अभिभावक, वरिष्ठ शिक्षक, राजकीय सेवा में कार्यरत पति-पत्नी तथा मानसिक रूप से दिव्यांग बच्चों के माता-पिता जैसे मामलों में भी समान और पारदर्शी अवसर देने की मांग की है।
संघ पदाधिकारियों का कहना है कि सेवा अवधि में वरिष्ठ होने के बावजूद कई शिक्षक स्थानांतरण के लाभ से वंचित रह जाते हैं। प्रथम श्रेणी को प्राथमिकता दिए जाने से अन्य पात्र श्रेणियों के शिक्षक स्थानांतरण के अवसर से वंचित हो रहे हैं। प्राथमिक शिक्षक संघ ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर वार्षिक स्थानांतरण प्रक्रिया में श्रेणीवार रोटेशन व काउंसलिंग के आधार पर स्थानांतरण सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग उठाई है।

