
बागेश्वर (आरएनएस)। राजकीय इंटर कॉलेज भंतोला के सहायक अध्यापक एवं प्रभारी प्रधानाचार्य धर्म सिंह के समर्थन में शिक्षक संघ भी उतर आया है। शिक्षण कार्य कराने के बाद धर्म सिंह कॉलेज गेट के पास मौनव्रत और क्रमिक अनशन कर रहे हैं। बारिश के बीच भी उनका आंदोलन जारी है। उनका कहना है कि जब तक विभाग की ओर से स्थानांतरण के संबंध में लिखित आदेश जारी नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
रविवार को कुमाऊं मंडल राजकीय शिक्षक संघ के संयुक्त मंत्री कपिल पांडेय धर्म सिंह को मनाने विद्यालय पहुंचे। उन्होंने लगातार बारिश और धरना स्थल के आबादी से दूर जंगल क्षेत्र में होने का हवाला देते हुए धर्म सिंह से स्वास्थ्य और सुरक्षा को देखते हुए मौनव्रत समाप्त करने का आग्रह किया। हालांकि धर्म सिंह अपनी मांग पर अड़े रहे।
कपिल पांडेय ने शिक्षक की समस्या के समाधान के लिए अपर निदेशक माध्यमिक शिक्षा गजेंद्र सिंह सौन से उनका वर्चुअल संवाद कराया। अपर निदेशक ने बताया कि अब तक हुए स्थानांतरण में निर्धारित मानकों के तहत धर्म सिंह का मामला नहीं आ रहा था, जिसके कारण उनका स्थानांतरण नहीं हो सका। उन्होंने बताया कि शिक्षक की ओर से दिए गए प्रत्यावेदनों को संलग्न कर निदेशालय भेजा गया है। निदेशालय से प्राप्त निर्देशों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने भी धर्म सिंह से मौनव्रत समाप्त करने की अपील की, लेकिन धर्म सिंह ने विभागीय स्तर से लिखित आदेश मिलने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही।
धर्म सिंह के आंदोलन को लेकर राजकीय शिक्षक संघ बागेश्वर ने भी विभागीय अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया है। संघ के जिलाध्यक्ष गोपाल दत्त पंत और जिला महामंत्री देवेंद्र सिंह मेहता ने निदेशक एवं अपर निदेशक माध्यमिक शिक्षा को पत्र भेजकर शिक्षक की समस्या का शीघ्र समाधान करने की मांग की है। संयुक्त मंत्री कपिल पांडेय ने कहा कि शिक्षक संघ धर्म सिंह के संघर्ष के साथ खड़ा है। लंबे समय से दुर्गम क्षेत्र में सेवाएं दे रहे शिक्षक की समस्या का विभागीय स्तर पर जल्द समाधान होना चाहिए। इस दौरान अशोक पंत और क्षेत्र पंचायत सदस्य जगदीश प्रसाद मौजूद रहे।
