
हरिद्वार(आरएनएस)। हरिद्वार की चंडीघाट चौकी में हंगामा और तोड़फोड़ करने वालों पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने चौकी पहुंचकर हंगामा किया था। इस बीच कुछ लोगों ने चौकी में घुसकर माहौल खराब करने की कोशिश की थी। पुलिस के अनुसार, बुधवार रात श्यामपुर कांगड़ी की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने आगे चल रही स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी थी। हादसे में 40 वर्षीय स्कूटी सवार प्रवेश, निवासी चंडीघाट बस्ती, हाल पता कांगड़ी की मौके पर ही मौत हो गई थी। दो लोग घायल भी हो गए थे। प्रवेश की मौत की सूचना मिलते ही परिजन और अन्य कई लोग चंडीघाट चौकी पहुंच गए थे। उन्होंने आरोपी कार चालक को तत्काल गिरफ्तार करने के लिए चौकी का घेराव किया था। आरोप है कि भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने चौकी में घुसकर हंगामा काटा, तोड़फोड़ की और पथराव कर माहौल खराब करना चाहा। इस मामले से जुड़ा वीडियो भी सामने आया जिसमें कई लोग चौकी के अंदर घुसकर हंगामा कर रहे हैं। कुछ लोगों ने चौकी में रखीं कुर्सियां तक तोड़ डाली। हालांकि, बुधवार रात को ही पुलिस ने आरोपी कार सवार समेत चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया था। अब कानून व्यवस्था भंग करने वाले आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी है। एसपी सिटी अभय सिंह ने बताया कि भीड़ में कुछ अराजक तत्व घुस आए थे। उन्होंने माहौल खराब करने का प्रयास किया। युवक की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा जायज है लेकिन अराजकता और तोड़फोड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस अराजक तत्वों को चिहि्त कर रही है। चौकी में हंगामा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

