
हरिद्वार(आरएनएस)। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार को ग्राम दादूपुर गोविंदपुर और सलेमपुर मेहदूद अवैध रूप से संचालित प्लास्टिक रीसाइक्लिंग इकाइयों पर छापेमारी की। इस दौरान टीम ने मौके पर छह मशीनों सहित एक अवैध प्लास्टिक रीसाइक्लिंग का गोदाम को सीज कर दिया। बुधवार को नायब तहसीलदार यूसुफ अली ने बताया कि जिलाधिकारी कर्मेंद्र सिंह के निर्देशों पर संयुक्त टीम ने छापेमारी की कार्रवाई की। पिछले काफी समय से स्थानीय लोग अवैध गोदामों द्वारा प्रदूषण फैलाने की शिकायत डीएम से कर रहे थे। छापेमारी के दौरान एक गोदाम में अवैध रूप से छह मशीनों द्वारा प्लास्टिक की रीसाइक्लिंग होती मिली। मौके पर गोदाम मालिक प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से प्राप्त आवश्यक सहमति भी नहीं दिखा सके। अनियमितताएं मिलने पर छह मशीनों सहित गोदाम को सीज कर दिया गया। छापेमारी के दौरान पीसीबी के क्षेत्रीय अधिकारी आरके कठैत, सहायक वैज्ञानिक अधिकारी अजीत सिंह, शेखर, राहुल नेगी, पुलिस कर्मी दीपक रावत, हरीश राणा आदि शामिल रहें।

