

देहरादून। क्लेमेनटाउन क्षेत्र में मोबाइल फोन चोरी होने और कथित चोर की ओर से पीड़ितों को मैसेज भेजकर पासवर्ड मांगने का मामला सामने आया है। युवती कौशिकी ध्यानी ने वीडियो जारी कर घटना के संबंध में आरोप लगाए हैं। इंटरनेट मीडिया पर वायरल इस वीडियो को लाखों लोगों ने देखा है।
वीडियो में कौशिकी ध्यानी का कहना है कि क्लेमेनटाउन क्षेत्र से उनके, उनके भाई और अन्य लोगों के मोबाइल फोन चोरी हुए हैं। आरोप है कि फोन चोरी करने वाले व्यक्ति ने बाद में मैसेज भेजकर उनके पासवर्ड मांगे। युवती ने यह भी दावा किया कि संबंधित व्यक्ति प्रेमनगर समेत अन्य क्षेत्रों में मोबाइल चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है। इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस के अनुसार, मोबाइल चोरी की शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच के लिए सर्विलांस टीम को लगाया गया है। खबर के मुताबिक, सक्षम नाम के युवक ने मोबाइल चोरी होने की शिकायत की थी। सीओ अंकित कंडारी ने बताया कि क्षेत्र में फोन चोरी की शिकायत 13 सितंबर को मिली थी।
सीओ अंकित कंडारी के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद से ही पुलिस मोबाइल फोन बरामद करने के प्रयास कर रही है। जिस नंबर से पीड़ितों को मैसेज भेजकर पासवर्ड मांगने का आरोप है, उसे सर्विलांस पर रखा गया है। संदिग्ध की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।





