
अल्मोड़ा। समाज कल्याण विभाग ने जनपद के पेंशनधारकों और छात्रवृत्ति लाभार्थियों से अपने बैंक खातों को शीघ्र डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) इनेबल कराने की अपील की है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन खातों में डीबीटी सुविधा सक्रिय नहीं होगी, उनमें पेंशन और छात्रवृत्ति की धनराशि का भुगतान प्रभावित हो सकता है। जिला समाज कल्याण अधिकारी शैलेन्द्र पाण्डे ने बताया कि सरकार द्वारा वृद्धावस्था, दिव्यांग, विधवा पेंशन सहित सभी पेंशन योजनाओं और छात्रवृत्ति योजनाओं का भुगतान आधार आधारित डीबीटी प्रणाली के माध्यम से किया जा रहा है। जिन लाभार्थियों की धनराशि आधार सीडिंग या डीबीटी सक्रिय नहीं होने के कारण अवरुद्ध हो रही है, वे अपने संबंधित बैंक में जाकर खाते को अनिवार्य रूप से डीबीटी इनेबल कराएं। उन्होंने बताया कि जिन लाभार्थियों के बैंक खाते अभी तक डीबीटी इनेबल नहीं हैं, उनकी सूची संबंधित विकासखंड कार्यालयों और जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय में चस्पा कर दी गई है। समाज कल्याण अधिकारी ने सभी पेंशनधारकों और छात्र-छात्राओं से डीबीटी इनेबल कराने के बाद इसकी सूचना संबंधित विकासखंड में तैनात सहायक समाज कल्याण अधिकारी अथवा जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराने की अपील की है, ताकि पेंशन और छात्रवृत्ति का भुगतान बिना किसी बाधा के किया जा सके।

