
पौड़ी। आशा स्वास्थ्य कार्यकत्री संगठन ने वेतनभोगी बनाने सहित 21 सूत्रीय मांगों के हल की मांग को लेकर बुधवार को रैली निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान डीएम के माध्यम से प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर जल्द ही समस्याओं के हल की मांग उठाई। बुधवार को आशा स्वास्थ्य कार्यकत्री संगठन के बैनर तले आशा कार्यकर्ताओं व आशा फैस्टिलेटरों ने वेतनभोगी बनाने, ठेका प्रथा बंद करने, आर्थिक विकास के लिए राष्ट्रीय श्रम नीति लागू करते हुए सामाजिक सुरक्षा मुहैया कराने, 5 लाख बीमा करवाने, सभी कार्यो के भुगतान हर महीने करने सहित मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। आशा कार्यकर्ताओं ने रामलीला मैदान से डीएम कार्यालय तक रैली निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान आक्रोशित आशा कार्यकर्ताओं ने केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस मौके पर आशा स्वास्थ्य कार्यकत्री संगठन की जिलाध्यक्ष सावित्री रावत, जिलामंत्री बबीता नौटियाल, किरन चंदोला, संजू रावत, पिंकी रावत, सुनीता, ऊषा देवी, संगीता, अनीता, दुर्गा आदि शामिल थे।

