
चमोली (आरएनएस)। जनपद के गैरबारम गांव में चारा-पत्ती लेने जंगल गई एक महिला की पत्थर गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश देखा गया और उन्होंने मामले की जांच की मांग उठाई।
पुलिस उपनिरीक्षक लक्ष्मण सिंह नेगी के अनुसार कमला देवी (52) पत्नी कुंदन सिंह जंगल में घास लेने गई थीं। इसी दौरान ऊपर से एक बड़ा पत्थर गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद ग्रामीण अस्पताल पहुंचे और हंगामा करते हुए आशंका जताई कि जंगल के ऊपरी हिस्से में कोई कार्य चल रहा था, जहां से पत्थर गिरा, जिससे महिला की जान गई। उन्होंने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत कराया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी चमोली अभिषेक गुप्ता ने बताया कि महिला की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी। मृतका कमला देवी स्थानीय जूनियर हाईस्कूल में भोजन माता के रूप में कार्यरत थीं।


