
रुड़की। उपचार के दौरान युवक की मौत के मामले में पत्नी समेत तीन लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
गंगनहर कोतवाली को मकान नंबर 41 ग्राम सीना मवाना मेरठ निवासी अनुज कुमार ने बताया कि भाई भूपेश कुमार का विवाह करीब छह माह पूर्व नंदिनी से हुआ था। आरोप है कि नंदिनी ससुराल में न रहकर मायके रहने की जिद करती थी। घर में भी इस बात को लेकर कई बार झगड़ा हुआ। रक्षाबंधन पर नंदनी को भूपेश मायके लेकर आया था। जिसके बाद छह अक्टूबर को भूपेश घर से यह कहकर निकला था कि वह नंदिनी को लेने रुड़की जा रहा है। देर रात भूपेश का फोन आया कि पत्नी, सास और ससुर ने जहर दिया है। सूचना पाकर परिजनों के साथ अस्पताल पहुंचा था। उपचार के दौरान 7 अक्तूबर को भूपेश की मौत हो गई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पोस्टमार्टम के बाद भूपेश का गांव आकर अंतिम संस्कार कर दिया गया था। इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि हत्या के आरोप में पत्नी नंदिनी, सास उषा और ससुर राकेश कुमार निवासी मकान नंबर 572 निकट रघुनाथ प्लॉट पश्चिमी अंबर तालाब कोतवाली गंगनहर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

