
हल्द्वानी (आरएनएस)। कोतवाली में एक महिला ने अपने पति पर दूसरी महिला से संबंध होने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गई। बाद में महिला सेल प्रभारी ने समझाकर उसे घर भेज दिया।
पुलिस के अनुसार बस स्टेशन के पास रहने वाले एक टैक्सी चालक की शादी करीब पांच वर्ष पहले हुई थी। शनिवार को उसकी पत्नी कोतवाली स्थित महिला सेल पहुंची और आरोप लगाया कि उसके पति का एक शादीशुदा महिला के साथ अफेयर चल रहा है।
महिला का कहना था कि जब वह गर्भवती थी, तब अस्पताल में देखभाल के लिए उसके पति ने एक महिला को अपनी करीबी दोस्त बताकर बुलाया था। उस समय उसे इस संबंध की जानकारी नहीं थी। हाल ही में उसने पति को एक महिला से चैट करते हुए पकड़ लिया। जांच करने पर पता चला कि वही महिला अस्पताल में आई थी।
कोतवाली पहुंची महिला पति और उसकी कथित प्रेमिका को बुलाने तथा धोखा देने के आरोप में कार्रवाई की मांग पर अड़ी रही। हालांकि दोनों कोतवाली नहीं पहुंचे।
महिला सेल प्रभारी सुनीता कुंवर ने महिला को समझाकर शांत कराया और आश्वासन दिया कि जल्द ही सभी पक्षों को बुलाकर काउंसलिंग कराई जाएगी।

