
रुड़की(आरएनएस)। धनौरी गंगनहर में नारियल पकड़ने के चक्कर में रविवार को एक किशोर का पांव पिसल गया और वह गंगनहर में गिरकर लापता हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किशोर की तलाश की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पाया। पुलिस ने मामले की सूचना परिजनों को दी है। धनौरी में इस समय गंगनहर बावन दर्रे के पास रेलिंग लगाने का कार्य चल रहा है। जानकारी के अनुसार 18 वर्षीय उबेश निवासी बंदायू उत्तर-प्रदेश गंगनहर पटरी पर रेलिंग का कार्य कर रहा था। इस बीच वह गंगनहर में बहकर आ रहे नारियल को खड़े होकर देखने लगा। इसके बाद वह नारियल को निकालने के लिए गंगनहर में बनी सीढ़ियों पर खड़ा होकर रस्सी बंधी बाल्टी से नारियल निकालने की कोशिश करने लगा। अचानक उसका पैर सीढ़ियों से फिसल गया। इससे वह गंगनहर में जा गिरा। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बचाने का प्रयास किया, लेकिन किशोर गंगनहर में बहकर लापता हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस युवक की तलाश में जुटी है। धनौरी चौकी प्रभारी हेमदत्त भारद्वाज का कहना है कि गंगनहर में किशोर के बहने की सूचना मिली थी, जिसकी तलाश की जा रही है।

