
अल्मोड़ा। नगर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए शनिवार को ट्रैफिक पुलिस और कोतवाली अल्मोड़ा पुलिस ने संयुक्त रूप से नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों के खिलाफ सघन अभियान चलाया। इस दौरान 45 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के के निर्देश पर माल रोड तथा धारानौला क्षेत्र में अभियान चलाया गया। अभियान में यातायात प्रभारी हयात सिंह, इंटरसेप्टर प्रभारी सुमित पांडे तथा धारानौला चौकी प्रभारी आनंद बल्लभ कश्मीरा समेत पुलिस कर्मी शामिल रहे। चेकिंग के दौरान नो पार्किंग जोन में वाहन खड़े करने वाले 45 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने कहा कि नगर में निर्बाध आवागमन और बेहतर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें और नो पार्किंग क्षेत्रों में वाहन खड़ा करने से बचें, ताकि यातायात व्यवस्था सुरक्षित और सुचारू बनी रहे।
