
बागेश्वर। जनपद में संचालित निजी विद्यालयों की कार्यप्रणाली को लेकर उठी शिकायतों पर जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी को पत्र भेजकर मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है।
जिला पंचायत सदस्य दुदिला और उत्तराखंड असंगठित कर्मकार सामाजिक सुरक्षा बोर्ड के सदस्य जनार्दन लोहुमी ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर निजी विद्यालयों की मनमानी का आरोप लगाया था। अपने पत्र में उन्होंने कहा कि कई निजी स्कूल अभिभावकों को बच्चों की कॉपी, किताब, ड्रेस और अन्य शैक्षणिक सामग्री विद्यालय से ही खरीदने के लिए बाध्य करते हैं तथा इसके लिए मनमाने दाम वसूले जाते हैं।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि कई विद्यालय मनमाने ढंग से फीस वसूल रहे हैं और अधिकांश निजी स्कूल निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित नहीं हो रहे हैं। इसके साथ ही शिक्षा का अधिकार अधिनियम का भी समुचित पालन नहीं किए जाने का आरोप लगाया गया है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि शिकायत में उल्लिखित तथ्यों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और इसकी अनुपालन रिपोर्ट जिलाधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए।

