
अल्मोड़ा। उत्तराखंड क्रांति दल के नेताओं की गिरफ्तारी और नजरबंदी के विरोध में शनिवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने चौहानपाटा में प्रदर्शन कर प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और सरकार का पुतला फूंका। प्रदर्शन के दौरान उक्रांद जिलाध्यक्ष दिनेश जोशी ने कहा कि गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने की मांग को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने जा रहे केंद्रीय नेताओं काशी सिंह ऐरी, पुष्पेश त्रिपाठी और युवा प्रदेश अध्यक्ष आशीष नेगी की गिरफ्तारी लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सीधा हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उक्रांद के केंद्रीय मंत्री गिरीश नाथ गोस्वामी ने कहा कि भाजपा सरकार को अपना तानाशाही रवैया छोड़ना चाहिए और उत्तराखंड की जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए गैरसैंण को राज्य की स्थायी राजधानी घोषित करना चाहिए। वक्ताओं ने कहा कि जब तक नेताओं को रिहा नहीं किया जाता और राजधानी के मुद्दे पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन में युवा प्रकोष्ठ के केंद्रीय संगठन मंत्री नरेंद्र सिंह बिष्ट, कार्यकारी अध्यक्ष पान सिंह लटवाल, महिला जिला अध्यक्ष दीपा जोशी, युवा संगठन जिला अध्यक्ष रघुवर सिंह भाकुनी, किरण मेहरा, दिवेश जोशी, सोनू नेगी, विनोद बिष्ट, मोहित शाह, अमित कुमार, अमन सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।


