
काशीपुर (आरएनएस)। कोतवाली क्षेत्र में एक युवती को नौकरी दिलाने का झांसा देकर होटल में बुलाकर नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म करने और उसकी अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता के भाई की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
बन्नाखेड़ा चौकी क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करीब ढाई वर्ष पूर्व उसकी बहन एक सरकारी स्कूल में पढ़ाई करती थी। उसी दौरान गांव गोरु निवासी दीप सिंह उसका पीछा कर उसे परेशान करने लगा।
आरोप है कि दीप सिंह ने युवती को नौकरी दिलाने का झांसा देकर साक्षात्कार के बहाने हल्द्वानी रोड स्थित एक होटल में बुलाया। वहां आरोपी ने उसे नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और इस दौरान उसकी अश्लील वीडियो भी बना ली।
बताया गया कि आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लंबे समय तक युवती का शोषण करता रहा। बाद में उसने उक्त वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दी।
कोतवाल नरेश चौहान ने बताया कि पीड़िता के भाई की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश की जा रही है।

